BIHAR NEWS : पूर्णिया में मध्याह्न भोजन में कीड़ा मिलने पर एक्शन, रिपोर्ट में रसोइयों की लापरवाही सामने
पटना :पूर्णिया जिले के बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में कीड़ा मिलने के मामले को जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने काफी गंभीरता से लिया है. यह मामला सामने आने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय स्थल पर उपस्थित भोजन आपूर्तिकर्ता संस्था के प्रतिनिधि,प्रधानाध्यापक,शिक्षकों,छात्रों एवं अभिभावकों के साथ बैठक कर मामले की जांच की है.
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को ग्रामीणों ने बताया कि संस्था के द्वारा दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता अच्छी नहीं है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने भी अपने जांच प्रतिवेदन में भोजन में सुधार की आवश्यकता एवं रसोइयों में सजगता का अभाव बताया है. साथ ही विद्यालय में एमडीएम की आपूर्ति करने वाले स्वयंसेवी संस्था को भोजन की गुणवत्ता में सुधार लाने,रसोइयों को उचित प्रशिक्षण देने और सभी विभागीय मानकों का सख्ती से पालन करने का सख्त निर्देश दिया गया है. पूर्णिया के जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बनमनखी अवस्थित किचेन में सतत् मॉनिटरिंग के लिए प्रतिदिन रोस्टर के आधार पर कार्यालय कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. जिनकी देखरेख एवं निगरानी में भोजन तैयार किया जाएगा.
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को किचेन का निरीक्षण कर विभागीय मानकों के अनुपालन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है.