Hindi News / TTE की हर कार्रवाई कैमरे में रिकॉर्ड, दानापुर मंडल में शुरू हुआ पायलट...

BIHAR NEWS : TTE की हर कार्रवाई कैमरे में रिकॉर्ड, दानापुर मंडल में शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट

Edited By:  |
bihar news

पटना:पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में टिकट जांच व्यवस्था को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ी पहल शुरू की गई है. अब टिकट जांच के दौरानTTEयानी ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर की हर कार्रवाई बॉडी कैमरे में रिकॉर्ड होगी. इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत पटना स्क्वाड-02 से की गई है.

पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्क्वाड को पांच बॉडी कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं. शुक्रवार से इन कैमरों का इस्तेमाल भी शुरू हो गया है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक,यह पहल सिर्फ पांच कैमरों का ट्रायल नहीं है,बल्कि टिकट जांच व्यवस्था को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

बॉडी कैमरे के इस्तेमाल से टिकट जांच के दौरान होने वाली पूरी कार्रवाई का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा. यात्री और टिकट जांच कर्मी के बीच किसी तरह का विवाद या शिकायत सामने आने पर वीडियो रिकॉर्डिंग की मदद से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा सकेगी.

रेलवे का मानना है कि इससे टिकट जांच प्रक्रिया में जवाबदेही भी बढ़ेगी. किसी शिकायत की स्थिति में वीडियो रिकॉर्डिंग महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर काम कर सकती है. इससे केवल लिखित रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान पर निर्भरता कम होगी.

अधिकारियों के अनुसार,आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से टिकट जांच व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा. पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर भविष्य में दानापुर मंडल के अन्य टिकट जांच कर्मचारियों को भी बॉडी कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे.

इस पहल के बाद यात्रियों औरTTEके बीच होने वाले विवादों की जांच अधिक तथ्यात्मक तरीके से संभव होगी. रेलवे को उम्मीद है कि बॉडी कैमरों से टिकट जांच में पारदर्शिता,अनुशासन और भरोसा बढ़ेगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--