रांची में JMM का हल्लाबोल : महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा के विरोध में राज्यव्यापी प्रदर्शन
रांची:देशभर में बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गुरूवार को केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा आज राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रहा है. पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के सामने स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क में सिलेंडर लेकर विरोध जताते हुए नजर आ रहे हैं.
जेएमएम के रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने बताया कि छोटे गैस सिलेंडरों और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी ने गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है. बढ़ती महंगाई नेलोगों का जीना मुहाल कर दिया है. कमर्शियल सिलेंडर में करीब 993 रूपए की वृद्धि ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण होटल, ढाबा, ठेला-खोमचा संचालकों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है. गरीबों की थाली से रोटी छीनी जा रही है. जिसके विरोध में पार्टी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर है.
पार्टी नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार लगातार कहती रही है कि पेट्रोल-डीजल,एलपीजी का पर्याप्त भंडार है,लेकिन जनता को पेट्रोल-डीजल, एलपीजी-सीएनजी की कमी झेलनी पड़ रही है. ये चिंता की बात है.





