रांची : अब पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी,बीडीएस टीम छानबीन में जुटी
रांची:राजधानी रांची में अज्ञात शख्स द्वारा एक के बाद एक लगातार धमकी भरा ई-मेल भेजा जा रहा है. समाहरणालय और रांची सिविल कोर्ट के बाद रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल के पास स्थित पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी मिली है. अज्ञात अपराधियों ने ई-मेल के माध्यम से मैसेज भेजकर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी है.
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस और बीडीएस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस की टीम पासपोर्ट ऑफिस परिसर में तलाशी ले रही है. हालांकि, अभी तक किसी तरह का कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है. अज्ञात शख्स द्वारा भेजे गए ई-मेल में आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही गई थी.
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद कार्यालय में चेक प्वाइंट बढ़ा दी गई है.पुलिस इस मामले में ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके माध्यम से धमकी दी गई थी. साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी रांची में सिविल कोर्ट और समाहरणालय भवन को धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं. ऐसे मामलों को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं.





