रांची : PLFI के नाम पर मिला कारतूस से बंधा लिफाफा,धुर्वा पावर ग्रीड में मचा हड़कंप
रांची: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित बिजली विभाग के सब स्टेशन में गुरूवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के नाम का एक संदिग्ध लिफाफे पर नजर पड़ी. यह लिफाफा धुर्वा पावर ग्रीड के नाम पर फेंका गया था. बिजली विभाग के कर्मी अनिकेत ने जब लिफाफा उठाने गया तो उसमें एक जिंदा कारतूस भी नजर आया. इस सीधे तौर पर बड़ी धमकी के रूप में देखा जा रहा है.
बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई. वहीं,पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब लिफाफा खोला तो देखा कि पर्चे में बिजली विभाग की कार्रवाई और बिजली चोरी पर की जा रही छापेमारी का जिक्र है. लिफाफे में यह भी लिखा गया है कि बिजलीविभाग गरीबों पर शोषण कर रहा है. बेवजह छापेमारी कर परेशान किया जा रहा है. अंजाम भुगतने तक का भी जिक्र किया गया है.
संदिग्ध लिफाफा रखने के पीछे PLFI संगठन का हाथ है या किसी शरारती तत्वों ने दहशत फैलाने का काम किया है. यह जांच का विषय है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





