राज्यपाल से मिले खिलाड़ी : प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत-संतोष गंगवार
रांची: कांके रोड स्थित लोकभवन में गुरूवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से झारखण्ड बधिर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में प्रतिभावान खिलाड़ियों के शिष्टमंडल ने मुलाकात की. शिष्टमंडल ने राज्यपाल को बताया कि विषम परिस्थितियों एवं सीमित संसाधनों केबावजूद खिलाड़ियों नेउत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. तृतीय टी-20 नेपाल डीफ क्रिकेट टूर सीरीज ऑफ इंडिया 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया है.
राज्यपाल ने खिलाड़ियों को दी बधाई
राज्यपाल ने खिलाड़ियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दीं. उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण एवं टीम भावना का सशक्त प्रतीक है. खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर यह सिद्ध किया है कि चुनौतियां सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती.
'झारखण्ड के खिलाड़ी देशभर में कर रहे नाम'
संतोष गंगवार ने कहा कि क्रिकेट देश का अत्यंत लोकप्रिय खेल है, झारखण्ड के खिलाड़ी क्रिकेट सहित विभिन्न खेल विधाओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं देश का नाम रौशन कर रहे हैं. यहां के युवाओं में खेलों के प्रति विशेष रुचि एवं अपार प्रतिभा विद्यमान है, जिसे उचित प्रोत्साहन एवं अवसर प्रदान किए जाने की आवश्यकता है.
बधिर क्रिकेट संघ को हर संभव मदद का आश्वासन
राज्यपाल ने कहा कि प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और वे खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रयासरत हैं. उन्होंने झारखण्ड बधिर क्रिकेट संघ को यथा संभव सहयोग एवं प्रोत्साहन का आश्वासन दिया है.





