मर्सिडीज मामला : मर्सिडीज कार चालक की गुंडागर्दी मामले में दोनों पक्ष के आवेदन पर FIR दर्ज, पुलिस कर रही जांच
रांची: शहर के डोरंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे के बाद मर्सिडीज कार चालक द्वारा युवक को बोनट पर लादकर घसीटने के मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद दोनों के आवेदन पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है. पीड़ित बाइकसवार मवाज खान ने आवेदन में बताया कि मर्सिडीज कार चालक टक्कर मारने के बाद दबंगई दिखाने लगा. कई किलोमिटर तक बोनट पर लादकर घसीटते हुए अपने घर ले गया. जहां उसके साथ मारपीट भी की गई.
वहीं, कार चालक के अनुसार बाइक चालक से विवाद हुआ था. जिसके बाद बाइक चालक पैसे की मांग कर रहा था. इस दौरान वहां भीड़ जमा हो गई. जिससे उन्हें खतरे की आशंका हुई. भीड़ देखने के बाद कार चालक वहां से सीधा निकलना चाहा. लेकिन, बाइक सवार बोनट पर आ गया.
बहरहाल, इस मामले में रांची सीटी एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





