लखनऊ में वकीलों के चैंबर तोड़े जाने का विरोध : रांची सिविल कोर्ट में अधिवक्ता संघ ने लगाया काला बिल्ला
रांची:लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने और मारपीट की घटना का विरोध झारखंड में भी देखने को मिला. इसी कड़ी में गुरूवार को रांची सिविल कोर्ट में झारखंड अधिवक्ता संघ ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया. रांची सिविल कोर्ट के सभी अधिवक्ताओं ने हाथ पर काला बिल्ला लगाकर विरोध किया. अधिवक्ताओं ने झारखंड में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है.
बार एसोसिएशन के महासचिव संजय विद्रोही ने बताया कि जिस तरह से लखनऊ में अधिवक्ताओं को प्रशासन द्वारा खदेड़ कर मारा गया और पुराने हाई कोर्ट परिसर के पास सड़क किनारे बने वकीलों के अवैध चैंबरों पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया है, ये कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लखनऊ केवकीलों का आरोप है कि हाई कोर्ट ने 72 चैंबर हटाने का आदेश दिया था, लेकिन प्रशासन ने करीब 240 चैंबर तोड़ दिए. कार्रवाई के खिलाफ अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है.
बार एसोसिएशन के महासचिव ने कहा कि कई बार राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा गया हैं, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है. नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी अपनी कुर्सी पर बैठकर सिर्फ जवाब मांगते हैं, लेकिन किसी पत्र का कोई जवाब नहीं देते हैं.





