गुमला के आमों को मिला बड़ा बाजार : JSLPS की पहल, गुमला का 2 टन आम्रपाली आम अपना मार्ट ने दोगुनी कीमत पर खरीदे
रांची: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की पहल पर गुमला जिले के किसानों और महिला उत्पादकों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। JSLPS के सहयोग से अपना मार्ट और MVM बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत पहले चरण में FPO से 2 टन आम्रपाली आम की खरीदारी की गई है।
बिरसा हरित ग्राम योजना के आम अब पहुंचेंगे मॉल तक
इस पहल के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत तैयार किए गए आम अब रांची के सभी अपना मार्ट स्टोर्स में उपलब्ध होंगे। समझौते के अनुसार भविष्य में भी FPO से आम की खरीद जारी रहेगी, जिससे ग्रामीण उत्पादकों को स्थायी बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
दोगुनी कीमत मिलने से किसानों और दीदियों में खुशी
गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट FPO से जुड़ी भगवती देवी, करुणा देवी और कुमवारी बरवा ने इस पहल के लिए JSLPS और विभागीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब तक वे गांव के हाट-बाजारों में कम कीमत पर आम बेचने को मजबूर थीं, लेकिन इस बार अपना मार्ट ने उनके आमों को दोगुनी कीमत पर खरीदा है। महिलाओं ने कहा कि इससे उनकी आय में वृद्धि होगी और परिवार के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही वे भविष्य में आम उत्पादन बढ़ाने के लिए और अधिक मेहनत करेंगी।
महिला आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की उपस्थिति में इस पहल की शुरुआत हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि JSLPS की टीम ने आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि राज्य के अधिक से अधिक FPO को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिले और बाजार तक सीधी पहुंच सुनिश्चित हो। इससे महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादकों को मिलेगा लाभ
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बाजार में आम की मांग के अनुसार उचित मूल्य पर उत्पाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसी पहलें किसानों और महिला समूहों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर झारखंड के लक्ष्य को भी आगे बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में कई अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर JSLPS के CEO अनन्य मित्तल, COO विष्णु परिदा, विनोद पांडेय, तापस रंजन बेहरा, संजय दास, अपना मार्ट के स्टेट CEO मनोज पांडेय, कैटेगरी हेड सुलभ बंसल, FPO अध्यक्ष भगवती देवी, करुणा देवी, सचिव के. बरवा तथा राहुल कुमार साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





