BIG NEWS : लातेहार में आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित करने के मामले में हाईकोर्ट सख्त,सरकार को मिला अंतिम मौका
रांची: लातेहार जिले के मनिका प्रखंड के चार गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित करने को लेकर दायर जनहित याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई है. इस मामले परहाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने का अंतिम मौका दिया है. चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से समय मांगे जाने पर नाराजगी जाहिर की. अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए दो सप्ताह के अंदर जवाब दाखिल करने को कहा है. हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को संवेदनशील होना चाहिए और रिमोट एरिया उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए. इससे पहले सितंबर माह में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता का पक्ष सुनने के बाद राज्य सरकार को नोटिस जारी करते हुए चार सप्ताह के अंदर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, तीन माह बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया.





