आलमगीर मामले पर सियासत : राजनीतिक गलियारों में चल रहे बयानों के तीर,कांग्रेस के जश्न पर विपक्ष का प्रहार
रांची: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत मामले को लेकर झारखंड की राजनीतिक गलियारों में बयानों के तीर चल रहे हैं. बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है. पार्टी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को आलमगीर आलम के जमानत पर ज्यादा उत्साहित होने की जरूरत नहीं है. जमानत मिलने को कांग्रेस पार्टी अपनी जीत बता रही है, लेकिन आलमगीर आलम भ्रष्टाचार के मामले में 2 सालों तक जेल में रहे और अदालती कार्रवाई अभी भी चल रही है.
इस मुद्दें पर कांग्रेस ने पलटवार किया है. प्रवक्ता राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है और पार्टी को देश के न्याय प्रक्रिया पर भरोसाहै. वहीं, उन्होंने झारखंड कांग्रेस में चल रहे अंदरुनी कलह से साफ इनकार किया है. राकेश सिन्हा ने कहा कि आलमगीर आलम को मिली जमानत पार्टी के लिए बड़ी जीत है.
वहीं, दूसरी तरफ जेएमएम प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि आलमगीर आलम एक ईमानदार व्यक्ति रहे हैं. इसी कारण उनको सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है और आने वाले समय में जो उन पर आरोप लगे हैं, उस मामले में भी वह कोर्ट से निश्चित तौर पर बरी होंगे.





