विश्व मौसम दिवस : मौसम केंद्र रांची में छात्रों को दी गई मौसम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
रांची : मौसम केन्द्र, रांची में सोमवार को "आज का अवलोकनकल की सुरक्षा (Observing today protecting tomorrow)” थीम के साथ विश्व मौसम दिवस (WORLD METEOROLOGICAL DAY) काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. मौसम कार्यालय आम जनमानस के लिए दिनभर (सुबह 10 बजे से शाम के 5 बजे तक) खुला रहा. यह अवसर आम जनता, विभिन्न विद्यालय/महाविद्यालय के विद्यार्थियों, मीडिया बंधुओं के लिए मौसम और जलवायु क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और अवसरों को समझने में और आवश्यक कार्रवाई हेतु रणनीति बनाने में उपयोगी सिद्ध हुआ. इस सुअवसर पर आगंतुकों ने मौसम केन्द्र, रांची के हिनू स्थित कार्यालय पधारकर केन्द्र के क्रियाकलापों व अन्य मौसमीय उपकरणों के बारे में जानकरी ली. साथ ही उन्हें मौसम केंद्र रांची द्वारा दिए जा रहे विभिन्न सेवाओं और चेतावनी से भली-भांति अवगत कराया गया.
इस दिन शहर के आसपास के विभिन्न विद्यालयों यथा सेंट अन्थोनी विद्यालय, डोरंडा के 60 छात्र-छात्राओं व शिक्षकगण सहित लगभग 120 से अधिक आगंतुकों ने मौसम केंद्र का दौरा किया और मौसम के अद्यतन क्रियाकलापों की जानकारी ली. इस अवसर पर विभिन्न पोस्टर व बैनर के माध्यम से झारखंड राज्य के सापेक्ष में अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों तथा अन्य मौसमीय उपकरणों की कार्यिक पद्धति को प्रस्तुत किया गया.
अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक-डी द्वारा प्रस्तुत थीम ""आज का अवलोकन कल की सुरक्षा (Observing today protecting tomorrow)” पर विशेष पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन ने छात्रों का मन मोह लिया. केंद्र प्रमुख डॉ. बाबूराज पीपी व वैज्ञानिक– डी ने छात्रों को संबोधित किया और मौसम केंद्र की उपयोगिता व महत्ता पर प्रकाश डाला और सभी से वातावरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने का आवाह्न किया.
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट--