Hindi News / दीपक प्रकाश की उम्मीदवारी पर बोले उपेंद्र कुशवाहा—8 जून तक इंतजार करें

विधान परिषद चुनाव पर सस्पेंस बरकरार : दीपक प्रकाश की उम्मीदवारी पर बोले उपेंद्र कुशवाहा—8 जून तक इंतजार करें

Edited By:  |
vidhan parishad chunav per suspense barkarar

पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और एनडीए खेमे में उम्मीदवारों के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच बिहार सरकार के मंत्री और पार्टी नेता दीपक प्रकाश की संभावित उम्मीदवारी को लेकर चल रही अटकलों पर आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्रीUpendra Kushwahaने बड़ा बयान दिया है.

पटना में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है. ऐसे में किसी तरह की जल्दबाजी या चिंता की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नाम को लेकर उचित समय पर फैसला लिया जाएगा और सभी चीजें तय प्रक्रिया के तहत होंगी.

दीपक प्रकाश की उम्मीदवारी को लेकर पूछे गए सवाल पर कुशवाहा ने सीधे तौर पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया,लेकिन संकेत दिया कि अभी नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने में समय है और अंतिम निर्णय जल्द सामने आ जाएगा. उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा और तेज हो गई है कि एनडीए की ओर से किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा.

विधान परिषद की रिक्त सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर विभिन्न दलों में मंथन जारी है. एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर लगातार बैठकें हो रही है. ऐसे में उपेंद्र कुशवाहा का यह बयान राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

अब सबकी नजर 8 जून पर टिकी है,जब नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होगी और विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--