मौत को मात देने की सनक : बेरमो में उफनती नदी पर रीलबाजों की खतरनाक हरकत
बेरमो: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बेरमो की नदियां उफान पर है. जारंगडीह में बने वैकल्पिक पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जान बचाने की बजाय कुछ लोग मौत के मुहाने पर खड़े होकर रील और वीडियो बनाने में मशगूल हैं. ऐसा लग रहा है मानो उन्हें अपनी जान से ज्यादा सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की चिंता है. अगर जरा सी चूक हुई, तो हादसा होने में एक पल भी नहीं लगेगा. बावजूद लोग अपीन जान की परवाह किए बिना रील बनाने में मग्न है.
प्रशासन की ओर से ऐसे स्थानों सेदूर रहने की सलाह
ये तस्वीरें बेरमो प्रखंड के जारंगडीह की हैं, जहां लगातार बारिश के बाद नदी उफान पर है. पानी का तेज बहाव वैकल्पिक पुल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुका है. हालात इतने खतरनाक है कि प्रशासन की ओर से ऐसे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी जाती है. लेकिन इन तस्वीरों को देखिए,कुछ लोग उफनती नदी के बिल्कुल किनारे और पानी से घिरे पुल के पास खड़े होकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने में व्यस्त हैं. मानो उन्हें अपनी जान की कोई परवाह ही नहीं है. तेज बहाव के बीच एक फिसलन, एक गलत कदम और फिर संभलने का मौका तक नहीं मिलेगा.
हर सालकई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दी जाती
बारिश के मौसम में हर साल ऐसे ही लापरवाह कदम कई परिवारों की खुशियां छीन लेती है. इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं. उफनती नदी तमाशा नहीं, चेतावनी है. इसलिए मौज-मस्ती के लिए नहीं, अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए नदी और पुल से सुरक्षित दूरी बनाए रखे.