सहरसा में सेक्स रेकैट का भंडाफोड़ : पुलिस ने छापेमारी कर 10 युवती समेत 14 लोगों को पकड़ा, महिला संचालिका भी गिरफ्तार
सहरसा: बड़ी खबर बिहार के सहरसा से है जहां अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सदर थाना क्षेत्र के भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर10 युवतियों एवं4 युवकों को बरामद किया गया है, जिनमें4नाबालिग शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान अवैध धंधे के संचालन के आरोप में एक हेड महिला को गिरफ्तार किया गया है.
बताया जा रहा है कि मंगलवार को साइबर डीएसपी कल्याण आनंद के नेतृत्व में सदर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, यहां अवैध देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी. छापेमारी में कुल10युवतियों एवं 4 युवकों को बरामद किया गया, जिनमें4नाबालिग शामिल हैं.
कार्रवाई के दौरान एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की. पुलिस ने बताया कि पूर्व में सील किए गए एक मकान से भी युवतियां बरामद हुई हैं, जिसकी जांच की जा रही है. इस मामले में अवैध धंधे के संचालन में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी इसी इलाके में छापेमारी कर22महिलाओं को बरामद किया गया था और कई मकानों को सील किया गया था. इसके बावजूद अवैध गतिविधियां दोबारा संचालित होने की सूचना मिली, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
पुलिस ने बताया कि बरामद नाबालिगों की काउंसलिंग और संरक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट--





