महिला उत्पीड़न पर भड़की MLC शशि यादव : सम्राट चौधरी पर कड़ा हमला, सड़क पर उतरने की अपील
पटना : सीपीआई(एमएल) की एमएलसी शशि यादव ने बिहार में लगातार सामने आ रहे महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बयानों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर बनी हुई है,लेकिन सरकार सिर्फ बयानबाजी तक सीमित है.
शशि यादव ने कहा कि हाल के दिनों में कई गंभीर घटनाएं सामने आई है.
नीट छात्रा से जुड़ा मामला,नालंदा के नूरसराय क्षेत्र की वारदात और मधुबनी में हुई घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. इसके बावजूद अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार यह दावा करती है कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा,लेकिन हकीकत यह है कि गिरफ्तारी के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है. कई मामलों में जांच की रफ्तार धीमी रहती है और पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी होती है.
एमएलसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है. लगातार हो रही घटनाएं इस बात का संकेत है कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है.
शशि यादव ने बिहार की जनता,खासकर महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि वे सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करें और सरकार पर दबाव बनाएं,ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके.
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक जनदबाव नहीं बनेगा,तब तक सरकार की कार्यशैली में बदलाव आना मुश्किल है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--