Hindi News / ईचागढ़ में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सोड़ो क्षेत्र से 3.50 लाख सीएफटी...

JHARKHAND NEWS : ईचागढ़ में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सोड़ो क्षेत्र से 3.50 लाख सीएफटी अवैध बालू जब्त, थाना को सौंपा गया

Edited By:  |
jharkhand news

सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन का हंटर लगातार चल रहा है। इसी कड़ी में ईचागढ़ थाना क्षेत्र में खनन विभाग ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।गुप्त सूचना और डीसी के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने सोड़ो क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से डंप किया गया बालू जब्त किया है। जब्त किए गए बालू की मात्रा लगभग 3.50 लाख सीएफटी (क्यूसेक फीट) बताई जा रही है, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त-सह-दण्डाधिकारी श्री नीतिश कुमार सिंह के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर हर हाल में रोक लगाई जाए। इसी आदेश का पालन करते हुए, जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथि के नेतृत्व में खनन विभाग की एक विशेष टीम ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोड़ो इलाके में औचक छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान जब टीम मौके पर पहुँची, तो वहाँ अवैध रूप से बालू का विशाल स्टॉक देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। बिना किसी वैध कागजात और अनुमति के वहाँ भारी पैमाने पर बालू का भंडारण किया गया था। माप करने पर यह अवैध बालू लगभग साढ़े तीन लाख सीएफटी (3.50 लाख CFT) पाया गया।कार्रवाई के तुरंत बाद, खनन विभाग ने इस जब्ती की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सारा अवैध बालू स्थानीय ईचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस और खनन विभाग अब संयुक्त रूप से यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस अवैध भंडारण के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने माफियाओं को कड़ा संदेश दिया है। जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथि ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जिले की खनिज संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खनन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए विभाग की ओर से नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण और ताबड़तोड़ छापेमारी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन के इस रुख से अवैध बालू का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।