जदयू प्रदेश कार्यालय पटना में जुनसुनवाई कार्यक्रम : मंत्री श्रवण कुमार और मंत्री सुनील कुमार ने लोगों की सुनी समस्याएं
पटना : जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में सोमवार को आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया गया. कार्यक्रम में बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं.
दोनों मंत्रियों ने संबंधित मामलों के त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे. श्रवण कुमार ने कहा कि यह जनसुनवाई नीतीश कुमार की जनोन्मुखी सोच का परिणाम है.
उन्होंने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक यह कार्यक्रम जनता को सीधा राहत देने का माध्यम बन चुका है. ग्रामीण स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों से अधिकांश समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो रहा है.
सुनील कुमार ने कहा कि ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर सरकार लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने बाढ़ की संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार की पूरी तैयारी का दावा किया. कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना बताया गया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--