Hindi News / पटना से भोपाल के लिए 10 अगस्त से अब सीधी उड़ान,सिर्फ ढाई घंटे...

हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर : पटना से भोपाल के लिए 10 अगस्त से अब सीधी उड़ान,सिर्फ ढाई घंटे में सफर

Edited By:  |
hawai yatriyon k liye badi rahat ki khabar

पटना:बिहार के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 10 अगस्त से पटना और भोपाल के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इस नई सेवा का संचालन एलायंस एयर करेगी। अभी तक पटना से भोपाल जाने वाले यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों के रास्ते उड़ान बदलनी पड़ती थी, जिससे यात्रा में काफी समय लगता था। नई डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने के बाद यह दूरी महज ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी।

सोमवार, बुधवार और रविवार को संचालित होगी उड़ान

एयरलाइन के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन-सोमवार, बुधवार और रविवार—संचालित होगी। विमान पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 1:40 बजे उड़ान भरकर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेगा। वापसी में भी इसी दिन भोपाल से पटना के लिए सीधी सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन पहले से अधिक आसान हो जाएगा।

शुरुआती चरण में इस रूट का किराया 4,600 रुपये तय

एलायंस एयर ने शुरुआती चरण में इस रूट का किराया 4,600 रुपये से तय किया है। टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, ट्रैवल एजेंसियों और विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टलों के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।

बिहार आने वाले लोगों के लिए भी सफर काफी सुविधाजनक होगी

इस नई उड़ान का सबसे अधिक लाभ मध्य प्रदेश में नौकरी, शिक्षा, व्यापार और चिकित्सा कार्यों के लिए जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। वहीं भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से बिहार आने वाले लोगों के लिए भी सफर पहले की तुलना में काफी सुविधाजनक होगा। विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि इस नई सीधी सेवा से दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी