Hindi News / बिहार में एक दर्जन से अधिक नए बाइपास बनेंगे, पीरो, बिहटा, मनेर से...

BIHAR NEWS : बिहार में एक दर्जन से अधिक नए बाइपास बनेंगे, पीरो, बिहटा, मनेर से जयनगर तक जाम से मिलेगी बड़ी राहत

Edited By:  |
bihar news

पटना: बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और प्रमुख शहरों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए एक दर्जन से अधिक नए बाइपास का निर्माण कराया जाएगा. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ बिहार का पथ निर्माण विभाग भी कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है.

केंद्र सरकार ने अरवल में एनएच-139 पर नौबतपुर-हरिहरगंज मार्ग के तहत करीब 12 किलोमीटर लंबे फोरलेन बाइपास के निर्माण को मंजूरी दी है. इसके अलावा जमुई के झाझा में मांगोबंदर,केंदुआ,टोलसोना और नरगंजो तथा पश्चिम चंपारण के भैरोगंज में भी बाइपास निर्माण को स्वीकृति मिली है.

एनएच से जुड़ी कई परियोजनाओं पर पहले से निर्माण कार्य चल रहा है. इनमें छपरा-रिविलगंज बाइपास,आरा बाइपास,बक्सर-चौसा बाइपास,शेखपुरा बाइपास,जमुई,खैरा,कटोरिया,बांका,पंजवारा और लखपुरा बाइपास शामिल हैं. रानीगंज,औरंगाबाद-दाउदनगर,पूर्णिया तथा मधुबनी,बेनीपट्टी और उच्चैठ में भी बाइपास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं.

पथ निर्माण विभाग की ओर से पीरो को जाम से राहत दिलाने के लिए बाइपास बनाया जाएगा. पटना के बिहटा और मनेर में भी बाइपास निर्माण की योजना है. इसके अलावा मधुबनी-जयनगर,गोपालगंज-मीरगंज,फारबिसगंज-अररिया,किशनगंज,सुपौल-त्रिवेणीगंज,नवादा-हिसुआ तथा सीतामढ़ी-शिवहर में भी बाइपास बनाए जाने की योजना है.

इनमें कई परियोजनाओं के लिए नाबार्ड से मिलने वाले ऋण का उपयोग किया जाएगा. बाइपास बनने से शहरों के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-