Hindi News / बिहार में शिक्षकों के लिए छुट्टी की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

BIHAR NEWS : बिहार में शिक्षकों के लिए छुट्टी की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

Edited By:  |
bihar news

पटना:बिहार के सरकारी शिक्षकों को अब छुट्टी स्वीकृत कराने के लिए जिला शिक्षा कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. शिक्षा विभाग छुट्टी के आवेदन और उसकी मंजूरी की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी में है. इसके लिए जिलास्तर पर अलग पोर्टल शुरू किए जाएंगे.

नई व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षक अपने नियंत्री अधिकारी के अनुसार पोर्टल पर छुट्टी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन संबंधित अधिकारी के पास डिजिटल माध्यम से पहुंचेगा और वहीं से इसकी समीक्षा कर मंजूरी दी जाएगी.

शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार,छुट्टी के आवेदन पर अधिकतम24घंटे के भीतर निर्णय लेने की व्यवस्था की जाएगी. आवेदन स्वीकृत या अस्वीकृत होने की सूचना शिक्षक के मोबाइल पर भी भेजी जाएगी. इससे शिक्षकों को आवेदन की स्थिति जानने के लिए कार्यालयों में जाने की जरूरत नहीं होगी.

पोर्टल की निगरानी संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO)और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE)के स्तर से की जाएगी. विभाग का मानना है कि ऑनलाइन व्यवस्था से छुट्टी की प्रक्रिया तेज,पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी.

इस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य छुट्टी मंजूरी की प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी और संभावित भ्रष्टाचार पर रोक लगाना भी है. शिक्षकों को आवेदन जमा करने से लेकर मंजूरी तक की प्रक्रिया डिजिटल रूप से पूरी करने की सुविधा मिलेगी.

शिक्षा विभाग के इस कदम से राज्य के हजारों शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही छुट्टी से जुड़े रिकॉर्ड भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे,जिससे विभागीय स्तर पर निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन आसान होगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-