BIHAR NEWS : सबूत है तो नाम बताएं राबड़ी देवी, 24 घंटे में जेल भेजेंगे - उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीट छात्रा मौत मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि इस संवेदनशील मामले में विपक्ष राजनीति कर रहा है,जो दुर्भाग्यपूर्ण है. राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं,ऐसे में उनसे इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि राबड़ी देवी को यह जानकारी है कि इस मामले में किसी मंत्री या मंत्री के बेटे की संलिप्तता है,तो उन्हें जनता के सामने स्पष्ट रूप से नाम बताना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता है,तो इसका अर्थ है कि साक्ष्यों को छुपाने की कोशिश की जा रही है.
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इस प्रकरण में किसी भी मंत्री या मंत्री के बेटे का नाम सामने आता है,तो 24 घंटे के भीतर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि गुरुवार को राबड़ी देवी ने नीट छात्रा मौत मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इस मामले में “किसी मंत्री का बेटा या खुद कोई मंत्री शामिल हो सकता है.” उन्होंने आरोप लगाया था कि पहले इस मामले को दबाने की कोशिश की गई और जब मामला तूल पकड़ने लगा, तब सीबीआई जांच की बात कही गई.