BIG NEWS : सुपौल में पुलिस ने कार से बड़ी मात्रा में कोरेक्स सिरप के साथ 4 तस्करों को दबोचा
सुपौल : जिले में नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भपटियाही थाना की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. भपटियाही थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बिहार विधानसभा कार पास स्टीकर लगी पटना नंबर प्लेट वाली दो इनोवा क्रिस्टा लग्जरी वीआईपी गाड़ियों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप बरामद किया गया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 3280 बोतल कोरेक्स सिरप के साथ 4 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं दो चारपहिया वाहन, चार मोबाइल और 25 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार बरामद खेप में 10 कार्टन से 1680 बोतल विसकॉरेक्स तथा 12 कार्टन से 1600 बोतल विस्कॉफ शामिल है. विस्कॉफ की कुल कीमत 2 लाख 75 हजार 520 रुपये आंकी गई है, जबकि विसकॉरेक्स की कीमत 2 लाख 91 हजार 379 रुपये बताई गई है. इस तरह कुल बरामद नशीले पदार्थों की कीमत 5 लाख 66 हजार 899 रुपये है.
गुप्त सूचना के आधार पर भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे के नेतृत्व में चिकनी धर्मकाटा और इंडो-नेपाल रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान दो संदिग्ध इनोवा कारों को रोका गया,जिनकी तलाशी लेने पर नशीले सिरप की बड़ी खेप सामने आई. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रणधीर कुमार सिंह (निवासी सोभी डुमारा,भोजपुर),कन्हैया महतो,सोनू कुमार और सुधीर कुमार (तीनों निवासी कदमकुआं थाना क्षेत्र,पटना) के रूप में की गई है.
इस मामले में भपटियाही थाना कांड संख्या 32/2026 दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पुलिस बरामद कोरेक्स सिरप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी गहन जांच कर रही है,ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
मामले में एसपी शरथ आरएस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि जिले में नशा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.





