BIHAR NEWS : सम्राट कैबिनेट के फैसले के बाद गृह विभाग ने जारी किया सिपाही भर्ती की अधिसूचना
पटना: बिहार पुलिस भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट फैसले पर अब तेजी से अमल शुरू हो गया है. गृह विभाग ने पुलिस बहाली से जुड़ा अहम नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके बाद राज्य में बड़े स्तर पर नियुक्ति और प्रोन्नति की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है.
जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार पुलिस में कुल20हजार937पद भरे जाएंगे. इनमें10हजार468पदों पर सीधी नियुक्ति की जाएगी, जबकि10हजार469पद विभागीय प्रोन्नति के जरिए भरे जाएंगे. सरकार का कहना है कि इससे पुलिस बल की क्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.
सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने से लाखों युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है. लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इसे बड़ा अवसर माना जा रहा है. वहीं विभागीय प्रोन्नति के जरिए पुलिसकर्मियों को भी पदोन्नति का लाभ मिलेगा, जिससे पुलिस महकमे में कार्यरत कर्मियों का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है.
गृह विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के बाद अब भर्ती प्रक्रिया को लेकर आगे की तैयारियां तेज कर दी गई है. माना जा रहा है कि जल्द ही चयन प्रक्रिया, परीक्षा और अन्य प्रशासनिक कदमों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आएगी.
सरकार लगातार दावा कर रही है कि बिहार में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है. नई बहाली और प्रोन्नति से पुलिस बल में संख्या बढ़ने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. अब युवाओं की नजर भर्ती प्रक्रिया की अगली घोषणा पर टिकी हुई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--