BIHAR NEWS : रक्सौल अग्निशमन विभाग ने फायर सेफ्टी में लापरवाही को लेकर दो अस्पतालों को किया शो कॉज
रक्सौल : जिला अग्निशमन विभाग ने फायर सेफ्टी में लापरवाही को लेकर शहर के दो बड़े अस्पताल अहमदी हॉस्पिटल एवं विनोद हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया है. एक सप्ताह में फायर सेफ्टी को नियमानुसार सही नहीं किया तो विभाग के द्वारा अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली के एक आवासीय होटल और मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में अगलगी की घटना के बाद बिहार अग्निशमन विभाग ने फायर सेफ्टी जाँच अभियान शुरू किया है. सभी अग्निशमन कार्यालय को होटल, हॉस्पिटल, स्कूल, मॉल, एपार्टमेंट, मैरेज हॉल को फायर सेफ्टी जाँच करने के आदेश दिए गए हैं. इसी अभियान के तहत रक्सौल अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने रक्सौल के कई होटल, अस्पताल, मैरेज हॉल, स्कूल, आवासीय एपार्टमेंट एवं मॉल की जांच की. इसी दौरान लक्ष्मीपुर में संचालित विनोद हॉस्पिटल एवं सैनिक रोड में संचालित अहमदी हॉस्पिटल में फायर सेफ्टी को लेकर लापरवाही नजर आई. विनोद हॉस्पिटल में विद्युत वायरिंग लटकता हुआ नजर आया. वहीं अहमदी अस्पताल में अग्निशमन यंत्र एक्सपायर हो गया था. लेकिन रिफिल नहीं कराया गया था. दोनों अस्पताल को अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने नोटिस देकर एक सप्ताह के अंदर फायर सेफ्टी सही करने का निर्देश दिया है.
इस सबंध में रक्सौल के अग्निशमन पदाधिकारी कृष्णा आंनद ने बताया कि विभाग के निर्देश पर रक्सौल अनुमण्डल के सभी होटल, हॉस्पिटल, स्कूल, मैरेज हॉल, मॉल, आवासीय एपार्टमेंट में फायर सेफ्टी का जांच अभियान शुरू किया गया है. फायर सेफ्टी में लापरवाही को लेकर रक्सौल के दो बड़े अस्पताल विनोद एवं अहमदी हॉस्पिटल को फायर सेफ्टी में लापरवाही को लेकर नोटिस दिया गया है. अन्य होटल,हॉस्पिटल, मॉल, स्कूल एवं एपार्टमेंट जहाँ फायर सेफ्टी संतोषजनक था उन्हें विद्युत लोड जांच कराने एवं शॉर्ट सर्किट को लेकर विदुयत विभाग से एनओसी लेकर जमा करने को कहा गया है.
रक्सौल से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट--