BIHAR NEWS : पटना में बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर दिया धरना

Edited By:  |
bihar news

पटना : राजधानी पटना में गुरुवार को बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ,जिला शाखा–पटना के बैनर तले संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा सामूहिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया है. धरने में बड़ी संख्या में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई.

कर्मचारियों ने धरना स्थल पर लगाए गए बैनर के माध्यम से अपनी प्रमुख मांगें सार्वजनिक की. इनमें ग्रेड पे में बढ़ोतरी,लेवल-2 के स्थान पर लेवल-5 (2800 ग्रेड पे) लागू करने,पुरानी पेंशन योजना बहाल करने,कार्य अवधि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सुनिश्चित करने,रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा कार्यों का स्पष्ट निर्धारण करने की मांग शामिल है.

इसके अलावा कर्मचारियों ने राजस्व कार्यों के निष्पादन के लिए आवश्यक संसाधन—जैसे कार्यालयी उपकरण,वाहन,ईंधन एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई. कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते कार्यभार और संसाधनों की कमी के कारण उन्हें कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है.

धरना में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है,तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा.

धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कर्मचारियों का रुख स्पष्ट है कि वे अपने अधिकारों को लेकर अब पीछे हटने वाले नहीं हैं.

पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट--