BIHAR NEWS : बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया पद्भार ग्रहण, विभाग के सचिव समेत अन्य अधिकारियों ने किया स्वागत
पटना: बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्य सचिवालय स्थित कार्यालय कक्ष में पदभार ग्रहण किया. इस अवसर पर पर्यटन विभाग के सचिव (अतिरिक्त प्रभार) अभय कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम नंद किशोर, पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा, संयुक्त सचिव इंदु कुमारी, संयुक्त निदेशक राजेश रौशन एवं विभाग के अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया.
इस अवसर पर मंत्री ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह दिन मेरे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण और भावुक क्षण है. बिहार सरकार में पर्यटन मंत्री के रूप में विभाग का कार्यभार ग्रहण करते हुए मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. यह केवल एक पद नहीं है, बल्कि बिहार की सेवा करने का एक बड़ा अवसर है. बिहार भारत की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का केंद्र रहा है. यह वह पावन भूमि है जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ, जहां गुरु गोविंद सिंह जी का जन्म हुआ, जहां भगवान महावीर ने तपस्या की और जहां माता जानकी की गौरवशाली स्मृतियां आज भी हमारी आस्था का केंद्र है. बिहार की मिट्टी में इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म की ऐसी शक्ति है जो पूरी दुनिया को आकर्षित करती है. हमारा लक्ष्य है कि बिहार को देश और दुनिया के प्रमुख पर्यटन राज्यों में स्थापित किया जाए. आने वाले समय में बिहार के अनेक धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास किया जाएगा. प्रमुख पर्यटन स्थलों का सौंदर्गीकरण कराया जाएगा, आधुनिक सविधाएं विकसित की जाएंगी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा.
मंत्री ने आगे कहा कि इसके साथ-साथ बिहार के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि देश-विदेश से अधिक से अधिक पर्यटक बिहार आएं. हमारी सरकार का प्रयास होगा कि बिहार की पहचान केवल इतिहास तक सीमित न रहे, बल्कि आधुनिक पर्यटन के क्षेत्र में भी बिहार एक नई मिसाल बने. पर्यटन केवल घूमने का माध्यम नहीं होता, बल्कि यह रोजगार, व्यापार और आर्थिक विकास का भी बड़ा आधार है. पर्यटन को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उत्पन्न किए जाएंगे. स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्प, संस्कृतिकर्मियों और छोटे व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि हम सभी एक टीम के रूप में कार्य करें और बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ें. मैं बिहार की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि पर्यटन विभाग जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करेगा. हर निर्णय में जनता का हित सर्वोपरि होगा.
पटना से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट--