BIHAR NEWS : कृषि मंत्री रामकृपाल बोले- किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती करनी चाहिए
पटना: राजधानी पटना के बामेती सभागार में किसानों और वैज्ञानिकों को लेकर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने सेमिनार का उद्घाटन किया.
किसानों को जलवायु अनुकूल खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया. इस सेमिनार में बड़ी संख्या में किसानों और कृषि वैज्ञानिकों ने भाग लिया.
अपने संबोधन में कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती करनी चाहिए,जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और वे आर्थिक रूप से समृद्ध बनें. उन्होंने कहा,जब किसान समृद्ध होंगे तो राज्य भी समृद्ध होगा. मंत्री ने विश्वास जताया कि यह सेमिनार बिहार के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और उन्हें खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ाएगा. इथेनॉल फैक्ट्री बंद होने से मक्का किसानों पर पड़ने वाले प्रभाव के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहती,बल्कि कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग पर भी विशेष जोर दे रही है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मखाना की प्रोसेसिंग के कारण उसे जीआई टैग मिला और वह अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा. इसी तरह जर्दालू आम और कतरनी चावल जैसे उत्पादों को भी वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है.
कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके उत्पादों को विश्व बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है,और इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम जल्द देखने को मिलेगा.
पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट--