Bihar News : हॉकी चैम्पियंस का हुआ सम्मान, सीएम नीतीश कुमार ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

Edited By:  |
bihar news

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयोजित सम्मान समारोह में हीरो एशिया कप 2025 की विजेता भारतीय टीम के खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक एवं सहायक प्रशिक्षकों को 10-10 लाख एवं सपोर्ट स्टाफ को 5-5 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को खिलाड़ियों तथा सहयोगी स्टाफ के लिए कुल 2 करोड़ 50 लख रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक, सहायक प्रशिक्षक सपोर्ट स्टाफ को जीत की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

आपको बता दें कि राजगीर खेल परिसर स्थित राज्य खेल अकादमी सह बिहार खेल विश्वविद्यालय,राजगीर के हॉकी स्टेडियम में पुरुष हॉकी एशिया कप प्रतियोगिता- 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक किया गया. इस प्रतियोगिता में आठ प्रमुख एशियाई टीम में क्रमशः चीन,जापान,दक्षिण कोरिया,मलेशिया,कज़ाख़िस्तान,चीनी ताइपे बांग्लादेश तथा भारत के टीमों ने हिस्सा लिया.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पटना में 17 अगस्त 2025 को प्रतियोगिता के लोगो एवं शुभंकर का अनावरण किया गया था. इसके बाद मुख्यमंत्री ने 29 अगस्त को इस प्रतियोगिता का शुभारंभ राजगीर में किया था. राजगीर में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता पर भारत की पुरुष हॉकी टीम फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर विजयी हुई थी. इस जीत के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के 20 खिलाड़ियों को 10-10 लाख तथा 10 सहयोग स्टाफ को 5-5 लाख रु का नगद पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की थी. इसके पूर्व भारतीय महिला हॉकी टीम को भी राजगीर में आयोजित एशिया कप जीतने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान की गई थी.

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि इस सम्मान के लिए सीएम नीतीश कुमार जी का शुक्रिया अदा करता हूं. कार्यक्रम में हीरो एशिया कप 2025 के सफल आयोजन से संबंधित वृतचित्र दिखाई गई.

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन तथा खेल विभाग के प्रमुख के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंद्रर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह सहित भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी, सपोर्टिंग स्टाफ एवं सम्मानित होने वाले सभी सदस्य गण उपस्थित थे.