BIHAR NEWS : कांग्रेस में 29 नेताओं पर अनुशासन का डंडा,72 घंटे में मांगा जवाब
पटना: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के मामले में 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।यह कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय के समीप बिहार प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर की गई है।
बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित नेताओं का प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल होना पार्टी की नीति, अनुशासन और निर्देशों का उल्लंघन है। समिति ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है।
नोटिस में सभी 29 नेताओं से 72 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। नेताओं को बताना होगा कि उनके खिलाफ पार्टी के नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।
समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि किसी नेता का जवाब नहीं मिलता है या जवाब असंतोषजनक पाया जाता है, तो संबंधित नेताओं के खिलाफ एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
कार्रवाई की जद में आए प्रमुख नेताओं में पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूनम देवी, कांग्रेस नेता विधूशेखर पांडेय, भारत भूषण दूबे, सत्येंद्र यादव और मृत्युंजय सिंह के नाम शामिल हैं।
पार्टी की इस कार्रवाई से बिहार कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक अनुशासन और प्रदेश नेतृत्व को लेकर चल रही नाराजगी का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
कांग्रेस की अनुशासन समिति अब नेताओं के जवाब का इंतजार करेगी। जवाब मिलने के बाद समिति आगे की कार्रवाई पर फैसला ले सकती है। फिलहाल 72 घंटे की समयसीमा ने संबंधित नेताओं के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती खड़ी कर दी है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट