BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने मुंगेर में पेंशनधारियों के खाते में भेजे अगस्त माह की पेंशन राशि
मुंगेर : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर अनुमंडल के गंगटा मोड़ पर गुरुवार को विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बिहार तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात भी दी.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बटन दबाकर राज्यभर के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में अगस्त माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी. उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने एनएच-333 के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया. उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से मुंगेर, जमुई समेत आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. वहीं गंगटा और भीमबांध को बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कम्युनिटी किचन, मेडिकल कैंप और राहत सामग्री वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट-





