Hindi News / जेपीएससी-सीजीएल धांधली के खिलाफ हेमंत सरकार पर बरसे नेता,छात्रों पर दर्ज मुकदमा वापस...

धनबाद : जेपीएससी-सीजीएल धांधली के खिलाफ हेमंत सरकार पर बरसे नेता,छात्रों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग

Edited By:  |
dhanbad dhanbad

धनबाद:जेपीएससी,सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के विरोध में गुरुवार को बीजेपी ने जोरदार प्रदर्शन किया. राज्यव्यापी आंदोलन के तहत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष एकजुट हुए और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की. इस दौरान नेताओं ने सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया.

धनबाद समाहरणालय के सामने बीजेपी का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. जेपीएससी, सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.


प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर नौकरियों तक में कथित तौर पर ‘मेनू कार्ड’ चल रहा है और युवाओं का भविष्य बेचा जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि भर्ती के नाम पर साढ़े 10 हजार करोड़ रुपये की वसूली की गई है. साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर कथित भ्रष्टाचार में शामिल दोषियों को जेल भेजा जाएगा.

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारी सीटें लाखों रुपये में बेची जा रही हैं. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीआईडी नहीं, बल्कि सीबीआई जांच जरूरी है. सांसद ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं करती है,तो पार्टी अदालत का दरवाजा खटखटाएगी.

नेताओं ने कहा कि युवाओं के अधिकार और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी.उन्होंने साफ किया है कि जरूरत पड़ी तो यह आंदोलन सड़क से लेकर अदालत तक ले जाया जाएगा.