बिहार में बड़ा प्रशासनिक एक्शन : लखीसराय डीएम हटाए गए, धान खरीद गड़बड़ी पर सरकार का सख्त संदेश और कार्रवाई
पटना: बिहार प्रशासन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है,जहां राज्य सरकार ने लखीसराय के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा को पद से हटा दिया है. सरकार ने यह कार्रवाई धान खरीद मामले में सामने आई अनियमितताओं और लापरवाही के आरोपों के बाद की है. इस कदम को प्रशासनिक स्तर पर एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मिथिलेश मिश्रा अब सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देंगे. वहीं,लखीसराय डीएम का अतिरिक्त प्रभार सीनियर एडीएम रविकांत को सौंप दिया गया है,ताकि जिले के प्रशासनिक कामकाज में किसी तरह की बाधा न आए.
बताया जा रहा है कि धान खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी और लापरवाही को लेकर पहले ही जिलाधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. जांच में सामने आई खामियों के आधार पर सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है. इससे यह साफ संकेत गया है कि सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है.
सरकार ने अपने फैसले के जरिए यह भी स्पष्ट कर दिया है कि प्रशासनिक जवाबदेही तय होगी और काम में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. यह कदम अन्य अधिकारियों के लिए भी एक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है.
इस पूरे मामले के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में ऐसे मामलों पर और सख्त कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--