Hindi News / रोशन यादव हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने हेतु...

तेजस्वी यादव गए मधुबनी : रोशन यादव हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने हेतु प्रशासन से करेंगे बात

Edited By:  |
tejaswi yadav gaye madhubani

पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव गुरुवार को मधुबनी के लिए रवाना हो गए हैं. मधुबनी जेल में रोशन यादव की हत्या के मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से बात करेंगे.

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मृतक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसके शरीर पर कई निशान पाए गए. उन्होंने बिहार में पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. तेजस्वी ने कहा कि बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा है और ऐसी स्थिति को वे होने नहीं देंगे.

उन्होंने कहा कि हाजीपुर में भी हत्या की घटना हुई है और वहां भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे. तेजस्वी के मुताबिक,पिछले कुछ दिनों में तीन-चार जगहों पर ऐसी घटनाएं सामने आई हैं और वे संबंधित परिवारों से मिलने जाएंगे.

नेता प्रतिपक्ष ने बिहार में बढ़ते अपराध और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपराध पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं.

वहीं,जदयू सांसद संजय झा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि संजय झा को उनकी चिंता करने के बजाय अपनी चिंता करनी चाहिए. उन्होंने संजय झा के राजनीतिक भविष्य और उनके पद को लेकर भी टिप्पणी की.

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर संजय झा का विरोध है और नीतीश कुमार को लेकर भी उन्होंने कई राजनीतिक आरोप लगाए. मधुबनी रवाना होने से पहले तेजस्वी के इन बयानों से बिहार की सियासत गरमा गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-