रांची में अदिति पांडे लापता मामला : घर के पास नाले में हड्डी और मांस का टुकड़ा मिलने पर सनसनी,सर्च ऑपरेशन जारी
रांची:राजधानी रांची से बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है. सदर थाना क्षेत्र के कोकर खोरहा टोली से 18 माह की मासूम अदिति पांडे रहस्यमय तरीके से हुई लापता मामले में सनसनी फैल गई है. बच्ची के घर के पास बह रहे नाले में तलाशी अभियान के दौरान हड्डी और मांस का टुकड़ा मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई है. हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और डीएनए जांच के जरिए पुष्टि अभी बाकि है. इधर,बच्ची की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं. वहीं, पुलिस और NDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है.
बच्ची के घर के बगल से गुजर रहे नाले में बह जाने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम को भी बुलाया गया, जो लगातार नाले और आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है. सर्च ऑपरेशन के दौरान नाले से करीब एक किलोमीटर दूर हड्डी और मांस का एक टुकड़ा बरामद हुआ है. शुरुआती आशंका है कि यह किसी जानवर द्वारा खाया गया मांस हो सकता है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है. मौके से बरामद सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है और डीएनए सैंपल भी लिया जा रहा है.
बता दें कि रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के खोरहा टोली में कुछ दिन पहले 18 माह की मासूम अदिति पांडे अचानक लापता हो गई. परिवार वालों ने काफी खोजबीन की लेकिन, बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.