Hindi News / नेहरू पथ पर ट्रैफिक प्लान तैयार,नई व्यवस्था अगस्त से होगी लागू

पटना में मेट्रो निर्माण को लेकर बड़ा बदलाव : नेहरू पथ पर ट्रैफिक प्लान तैयार,नई व्यवस्था अगस्त से होगी लागू

Edited By:  |
patna mein metro nir,an ko lekar bdaa badlao

पटना: राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण कार्य को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नेहरू पथ (बेली रोड) के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। आयकर गोलंबर, विकास भवन और चिड़ियाघर गेट नंबर-1 के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण शुरू होने के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जिलाधिकारी और एसएसपी की मंजूरी मिलने के बाद यह नई व्यवस्था अगस्त के पहले सप्ताह से लागू हो सकती है और मेट्रो निर्माण पूरा होने तक प्रभावी रहेगी।

नए ट्रैफिक प्लान के तहत नेहरू पथ पर निर्माण कार्य के लिए घिरे हिस्से को छोड़कर शेष सड़क पर दो लेन बनाई जाएंगी। इन लेनों से निजी वाहन पहले की तरह आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ और सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर तक आ-जा सकेंगे। इससे आम लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि बस, टेंपो और ई-रिक्शा जैसे सभी कमर्शियल वाहनों के नेहरू पथ पर परिचालन पर रोक रहेगी। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। आयकर गोलंबर की ओर से आने वाले वाहनों को वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक गोलंबर, मंदिरी नाला रोड, बांसघाट और पटना-दीघा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं सगुना मोड़ की ओर से आने वाले वाहन दीघा-आशियाना रोड का उपयोग करेंगे।

नए प्लान के अनुसार कमर्शियल वाहन शेखपुरा मोड़ और डुमरा चौकी से आगे नहीं जा सकेंगे। उन्हें डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की ओर मोड़कर पटेल गोलंबर, विधानसभा, अटल पथ, आर ब्लॉक चौराहा और जीपीओ स्थित मल्टी मॉडल हब तक भेजा जाएगा। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक के बाद प्लान तैयार कर लिया गया है और मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।