पटना एम्स में छेड़छाड़ का खुलासा : महिला कर्मी और नाबालिग बेटी से अश्लील हरकत,आरोपी अधिकारी गिरफ्तार
पटना: एम्स पटना में एक महिला कर्मी और उसकी नाबालिग बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है. मामले में एम्स प्रशासन की आंतरिक जांच समिति द्वारा आरोपों की पुष्टि किए जाने के बाद फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने आरोपी कनीय प्रशासनिक अधिकारी (आउटसोर्स) अश्विनी कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
अश्लील हरकत का विरोध करने पर नौकरी से निकलने की दी धमकी
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि करीब दो वर्ष पहले एम्स में सर्जरी के दौरान उसकी पहचान अश्विनी कुमार सिंह से हुई थी. इसके बाद आरोपी ने पहचान का फायदा उठाते हुए लगातार उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया. महिला का कहना है कि सामाजिक बदनामी और नौकरी खोने के डर से वह लंबे समय तक चुप रही. आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी देता था.
नाबालिग बेटी के साथ भी अश्लील हरकतें करने का खुलासा
मामला तब और गंभीर हो गया जब महिला को पता चला कि आरोपी उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी अश्लील हरकतें कर रहा है और गलत काम करने का प्रयास कर रहा है. इसके बाद महिला ने 21 फरवरी 2026 को एम्स प्रशासन को लिखित शिकायत दी.शिकायत मिलने के बाद एम्स प्रबंधन ने छह सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया. समिति ने व्हाट्सएप चैट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी प्रमाणों की जांच की. जांच में महिला और उसकी बेटी द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए.
आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
इसके बाद एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी की ओर से फुलवारी शरीफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. थाना प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.