पटना : ठाकुरबाड़ी के महंत पर लगे कई गंभीर आरोप,मामले की जांच जारी
पटना:राजधानी से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भिखम दास ठाकुरबाड़ी अब बिहार हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अधीन चला गया है.बताया जा रहा है कि ठाकुरबाड़ी के महंत पर गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप है कि महंत प्रतिमा के नाम पर हर साल 7 से 8 लाख रुपये तक का किराया वसूलते थे. इतना ही नहीं, ठाकुरबाड़ी की जमीनों को बेचकर उस पैसे से गुजरात में आलीशान होटल बनाने की बात सामने आ रही है.
वहीं, इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला आरोप सामने आया है. ठाकुरबाड़ी से जुड़े एक पूर्व दुकानदार गौतम शाह का कहना है कि उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया गया है. उनके मुताबिक, एक व्यक्ति उनकी दुकान पर कंबल खरीदने के बहाने आया और कुछ देर बाद वही कंबल वापस रखने की बात कहकर चला गया.
दुकानदारगौतम शाह का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने कंबल अपनी दुकान में रखा, पुलिस मौके पर पहुंची और उसी कंबल से एक देसी कट्टा बरामद किया. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि जब वह जेल में थे, उसी दौरान उनके दुकान का सारा सामान चोरी कर लिया गया और महंत द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया.
गौतम शाह के अनुसार, उनकी पत्नी ने अपने सोने के जेवर बेचकर उनकी जमानत कराई और अब उसी पैसे से उनका परिवार गुजारा कर रहा है.
हालांकि, इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.