नवादा में समृद्धि यात्रा : सीएम नीतीश ने की सौगातों की बौछार,कहा-2005 के बाद से राज्य में बह रही विकास की धारा
नवादा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का कारवां बुधवार को नवादा पहुंचा. इस मौके पर सीएम ने सबसे पहले जिले में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की फिर जनता को संबोधित किया. इस दौरान उनके साथ डीप्टी सीएम सम्राट चौधरी तहित कई मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2005 के बाद नवादा सहित पूरे बिहार में विकास की नई धारा बहाई गई है. उन्होंने बताया कि पहले जहां सड़क, बिजली और शिक्षा की स्थिति काफी खराब थी. वहीं, अब हर क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है. नवादा जिले में सड़कों का जाल बिछाया गया है. जिससे गांव-गांव की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है.
उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिजली की भारी कमी थी,लेकिन अब लगभग हर घर तक बिजली पहुंचाई गई है. शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों की संख्या बढ़ाई गई, भवनों का निर्माण हुआ और शिक्षकों की नियुक्ति की गई. साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों का विस्तार और सुविधाओं में वृद्धि की गई है.
नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई गईं, जिनका लाभ नवादा की महिलाओं को भी मिला है. जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है.उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ विकास करना नहीं, बल्कि हर वर्ग के लोगों तक उसका लाभ पहुंचाना है. आगामी समय में भी नवादा के विकास के लिए और योजनाएं लाई जाएंगी.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए. उनके आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए.