नवादा में वन विभाग में फर्जीवाड़ा उजागर : पूर्व रेंजर पर प्राथमिकी दर्ज, लाखों गबन का है आरोप

नवादा : खबर है नवादा जिले से जहां कौआकोल वन प्रक्षेत्र के रेंजर रहे मानवेन्द्र नाथ चौधरी के विरुद्ध कौआकोल थाना में लाखों रुपये गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बता दें कि यह प्राथमिकी वर्तमान रेंजर संजय कुमार के द्वारा दर्ज कराई गई है।
बता दें कि तत्कालीन रेंजर मानवेन्द्र नाथ चौधरी पर दो अलग-अलग योजनाओं में 16 लाख 46 हजार 706 रुपये की निकासी की गई थी। उक्त राशि से सम्बंधित लेखा समर्पित नहीं किया गया था। ऐसे में गबन का मामला मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दर्ज प्राथमिकी में उल्लेखित किया गया है कि तत्कालीन रेंजर चौधरी के प्रभार काल में वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 2406 योजना शीर्ष अंतर्गत विभिन्न विभागीय कार्यों के संपादन हेतु वन प्रमंडल,नवादा के द्वारा 7 लाख 10 हजार 36 रुपये अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई। वहीं दुर्गावती शीर्ष अंतर्गत विभिन्न विभागीय कार्यों के संपादन के लिए नवादा वन प्रमंडल द्वारा 9 लाख 36 हजार 670 रुपये वन अग्रिम राशि कुल-1646706 रुपये दिए गए थे।
वहीँ रेंजर के द्वारा प्राप्त राशि राशि खर्च कर सम्बंधित लेखा विभाग को समर्पित नहीं किया गया। लेखा समपर्ण हेतु वन प्रमंडल पदाधिकारी के द्वारा कई बार पत्राचार भी किया गया लेकिन रेंजर की ओर से कोई जवाब नहीं आया। इस परिस्थिति में वन संरक्षक एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इस कृत्य को सरकारी राशि का गबन मानते हुए रेंजर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
सन्नी भगत की रिपोर्ट