महिला कैदी के साथ यौन शोषण मामला : बाबूलाल मरांडी के आरोप पर सियासी घमासान
रांची: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा बिरसा मुंडा कारागार में महिला कैदी के साथ हुई यौन शोषण मामले में केंद्रीय कारा अधीक्षक पर आरोप लगाने के बाद राज्य में सियासत तेज हो गई है. हालांकि, मेडिकल जांच में महिला का रिपोर्ट नेगेटिव आया है बावजूद इस पर सियासी घमासान जारी है. अब आरोप है कि मामले को दबाने के लिए रिपोर्ट नेगेटिव कराया गया है.
मामले को रफा-दफा करने का आरोप
इस पूरे मामले पर झारखंड बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बाबूलाल मरांडी के आरोप का समर्थन किया है. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि उन्होंने बिल्कुल सच और स्पष्ट लिखा था, जेल अयाशी का अड्डा बन चुका है और वहां कैदियों का शोषण हो रहा है. इन लोगों ने मामले को रफा-दफा करने के लिए रिपोर्ट नेगेटिव कराई है. पूरे मामले की जांच मेडिकल बोर्ड बिठाकर करनी चाहिए.
सरकार कोकटघरे में खड़े करने का प्रयास किया जा रहा-JMM
वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुआ कहा कि बयानबाजी करना और अनारकल पत्राचार बाबूलाल की आदत हो गई है. बाबूलाल को पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए. बिना सिर पैर की बातें उन्हें नहीं करनी चाहिए. झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर किसी महिला ने कहीं शिकायत नहीं की है.
बाबूलाल मरांडी सिर्फ सरकार कोकटघरे में खड़े करने का प्रयास कर रहे हैं. बाबूलाल ऐसे विषय को उठाएं जिससे राज्य की जनता का हित हो, गंभीर मसले पर उन्हें बात करनी चाहिए.