संसद का मानसून सत्र : कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित, आज लोकसभा में पेश होगा बहुप्रतीक्षित एंटी-पेपर लीक बिल
संसद के मॉनसून सत्र के सातवें दिन आज सदन में भारी हंगामे और तीखी बहस के पूरे आसार हैं।आज लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों से बचाव) अमेंडमेंट बिल, 2026 पर चर्चा होगी और इसे पास कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सदन में यह प्रस्ताव रखेंगे।
इसके अलावा, सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसके बाद कई केंद्रीय मंत्री अपने-अप से जुड़े कागजात और रिपोर्ट्स सदन के पटल पर रखेंगे।उधर, राज्यसभा में आज माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज डेवलपमेंट (अमेंडमेंट) बिल, 2026 पेश किया जाएगा और नेशनल ऑनर के अपमान से बचाव (अमेंडमेंट बिल, 2026) भी पास किया जाएगा।लेकिन सदन के भीतर और बाहर सियासत पूरी तरह गर्माई हुई है.शशि थरूर ने कहा है कि विपक्ष इस अहम बहस में पूरी मजबूती से हिस्सा लेगा ताकि देश के युवाओं की आवाज़ उठाई जा सके।वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और कल के घटनाक्रम को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। पप्पू यादव ने सिर पर पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन भी किया।
सांसद मनीष तिवारी ने भी विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल के अत्यधिक इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताई है।सदन में विपक्षी दलों के भारी हंगामे और नारेबाजी के चलते लोकसभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।