Hindi News / विश्व शांति की कामना को लेकर बोधगया में विशेष प्रार्थना, 5 देशों के...

BIHAR NEWS : विश्व शांति की कामना को लेकर बोधगया में विशेष प्रार्थना, 5 देशों के बौद्ध भिक्षुओं ने किया संघदान

Edited By:  |
bihar news bihar news

बोधगया: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी बोधगया स्थित अंतर्राष्ट्रीय मेडिटेशन सेंटर में विश्व शांति,मानव कल्याण और आपसी सौहार्द की कामना को लेकर विशेष प्रार्थना सभा एवं संघदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस धार्मिक आयोजन में भारत,वियतनाम,बांग्लादेश,म्यांमार (वर्मा) और थाईलैंड सहित पांच देशों के करीब 100 बौद्ध भिक्षुओं (भंते) ने भाग लिया.

कार्यक्रम के दौरान बौद्ध भिक्षुओं ने बुद्ध वचनों का पाठ किया और विश्व में शांति,अहिंसा तथा मानवता के संदेश के प्रसार की प्रार्थना की. पूरे आयोजन का माहौल आध्यात्मिक और श्रद्धामय बना रहा.

इस अवसर पर भंते ज्ञानेश्वर ने बताया कि विश्व में बढ़ते तनाव और हिंसा के बीच शांति का संदेश देने के उद्देश्य से इस विशेष संघदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि भारत,वियतनाम,बांग्लादेश,म्यांमार (वर्मा) और थाईलैंड से आए लगभग 100 बौद्ध भिक्षुओं ने इसमें सहभागिता की और विश्व शांति एवं समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना की.

उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का शांति,करुणा और मैत्री का संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए उतना ही प्रासंगिक है,और इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट