Hindi News / हरमू रोड मॉडल कॉरिडोर: अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर चलेगा हंटर, 340 प्रतिष्ठानों...

JHARKHAND NEWS : हरमू रोड मॉडल कॉरिडोर: अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर चलेगा हंटर, 340 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की तैयारी

Edited By:  |
jharkhand news

रांची को एक व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। राजधानी के हरमू रोड को एक 'मॉडल कॉरिडोर' के रूप में विकसित करने के लिए निगम ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण और बिना लाइसेंस चल रही दुकानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की विभिन्न शाखाओं के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ कर दिया है कि मॉडल कॉरिडोर सिर्फ सड़क निर्माण नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, अतिक्रमण-मुक्त और व्यवस्थित शहरी वातावरण बनाने की पहल है।सबसे पहले बात करते हैं नक्शा उल्लंघन की। निगम की नक्शा शाखा ने हरमू रोड के 48 भवनों को नोटिस जारी किया है। इनमें—19 भवनों पर सेटबैक और सड़क की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप है।21 भवनों में अवैध निर्माण पाया गया है।वहीं 8 भवनों में आवासीय परिसर के भीतर अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं।

नगर आयुक्त ने इन सभी मामलों में सात दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।सिर्फ इमारतें ही नहीं, फुटपाथ पर कब्जा जमाए होर्डिंग्स पर भी निगम की गाज गिरी है। बाजार शाखा ने फुटपाथ पर लगे 52 अवैध मोनोपोल, यूनिपोल और होर्डिंग्स पर नोटिस चस्पा कर दिया है। संबंधित लोगों को इन्हें हटाने के लिए तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है। तय समय सीमा में होर्डिंग्स नहीं हटाने पर निगम खुद इन्हें हटाएगा और सारा खर्च मालिकों से वसूला जाएगा।और अब बात राजस्व और ट्रेड लाइसेंस की। जांच में मॉडल कॉरिडोर क्षेत्र की 340 दुकानों और प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिला है। इन सभी को नोटिस थमा दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने दो टूक कह दिया है कि बिना ट्रेड लाइसेंस के चल रहे इन तमाम प्रतिष्ठानों को जल्द सील किया जाएगा।रांची नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अवैध कारोबारियों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। निगम के इस कदम से उम्मीद है कि जल्द ही हरमू रोड एक आदर्श और सुरक्षित मार्ग के रूप में शहरवासियों के सामने नजर आएगा।