Hindi News / चौबे स्टेशन के पास अचानक ट्रैक पर पहुंचे 29 हाथी, दो घंटे तक...

JHARKHAND NEWS : चौबे स्टेशन के पास अचानक ट्रैक पर पहुंचे 29 हाथी, दो घंटे तक थमी ट्रेनों की रफ्तार

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड के हजारीबाग जिले में रविवार सुबह उस वक्त रेल प्रशासन की नींद उड़ गई, जब 29 हाथियों का एक विशाल झुंड अचानक चौबे रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर आ धमका। हाथियों की मौजूदगी से रेल रूट पर हड़कंप मच गया और एहतियातन ट्रेनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी।रविवार की सुबह करीब छह बजे चौबे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक अचानक 29 हाथियों के झुंड के पहुंचने से रेलवे महकमे में अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक के समीप हाथियों के होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रबंधन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया।

दुर्घटना की किसी भी संभावना से बचने के लिए तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाए गए। इस मार्ग से गुजरने वाली एक एक्सप्रेस ट्रेन और पांच से छह भारी-भरकम मालगाड़ियों को बेहद धीमी गति से सुरक्षित ट्रैक पार कराया गया।हाथियों का यह झुंड लगभग दो घंटे तक रेलवे ट्रैक के आसपास ही मौजूद रहा। गनीमत यह रही कि वन विभाग और संबंधित रेल अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए सूझबूझ से काम लिया। उनके संयुक्त प्रयासों के बाद हाथियों को सुरक्षित तरीके से ट्रैक से दूर जंगल की ओर खदेड़ा गया।

हथियों के हटने और ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही इस रूट पर रेल परिचालन को पूरी तरह सामान्य किया जा सका। इस घटना के दौरान किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन रेलवे ट्रैक के पास वन्यजीवों की आवाजाही ने प्रशासन की चिंता जरूर बढ़ा दी है।