JHARKHAND NEWS : .जमशेदपुर में सावन की तीसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब
.जमशेदपुर में सावन की तीसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब देखने को मिला। सूर्य मंदिर समिति की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली गई। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। बारीडीह हरि मैदान से सूर्य मंदिर समिति की ओर से भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के लिए विशेष रूप से सुल्तानगंज से टैंकर के जरिए गंगाजल जमशेदपुर लाया गया था। हरि मैदान में श्रद्धालुओं ने कलश में गंगाजल भरा और फिर भोले बाबा के जयकारों के साथ जलाभिषेक यात्रा की शुरुआत हुई।
बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए सूर्य धाम स्थित भोले बाबा के मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। यात्रा के दौरान पूरा रास्ता हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक पूर्णिमा साहू भी इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। भगवान भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें, यही उनकी कामना है। जलाभिषेक के साथ ही श्रद्धालुओं की यह आस्था से भरी यात्रा पूरी हुई। सावन की सोमवारी पर निकली इस यात्रा ने एक बार फिर शहर में भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना दिया।