JHARKHAND NEWS : बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र में बड़ा हादसा: तेज आवाज के साथ धंसी जमीन, ढहे कई घर
बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र में सलेक्ट गोविन्दपुर में मंगलवार की शाम अचानक तेज आवाज के साथ जमीन फटी और देखते ही देखते आधा दर्जन घर ढह गए। मंगलवार की शाम करीब सात बजे जमीन के अंदर से तेज आवाज आने लगी। लोगों ने संभावित खतरे को भांपते हुए अपने अपने घरों से बाहर निकले और कुछ समझ पाते आधा दर्जन घर ढह गए। घरों का सारा सामान मलबे में दब गया।राहत कार्य को लेकर बीसीसीएल की एक टीम आज सुबह को मौके पर पहुंची और घटना से प्रभावित लोगों का सर्वे किया।
प्रभावितों ने बताया कि बीसीसीएल की ओर से कोई बड़ी राहत नहीं दी गई है। उन्हें विस्थापित करने को लेकर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। प्रबंधन हमे सुरक्षित स्थान पर बसाने को लेकर गंभीर नहीं है.भू धंसान में प्रभावित लोग अपने रिश्तेदार या परिचित के घर शरण लिए हुए हैं।राजेश राम ने बताया कि बीसीसीएल प्रबंधक सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। हमारी मांग है कि प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराए और तत्काल सुरक्षित स्थान पर लोगों को बसाये। बाघमारा में अवैध कोयला खनन के कारण ऐसी घटना हो रही है और समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो एक दिन बाघमारा नक्शा से गायब हो जाएगा।बुधवार को बाघमारा सीईओ गिरजानंद किस्कु घटना स्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों और प्रभावितों से बात की।