JHARKHAND NEWS : कपाली ओपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 संगीन मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई है। इस मामले का खुलासा चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ पहले से कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब-इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी तथा कपाली ओपी के पुलिस बल शामिल थे।
टीम ने पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के समीप घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार दो युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी सिंहभूम के सोनारी थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा और आर्म्स एक्ट समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इधर आरोपी को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हिरासत में भेज दिया गया है।