नशा मुक्ति युवा का विकसित भारत संकल्प अभियान : पीएम नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को देश के 20 लाख युवाओं को करेंगे संबोधित
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को नशा मुक्ति युवा का विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत देशभर के लगभग 20 लाख युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे. माई भारत की राज्य निदेशक ललिता कुमारी एवं उपनिदेशक श्वेता सिंह ने बताया कि राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत कल रांची के वाईबीएन यूनिवर्सिटी एवं मारवाड़ी कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. जहां लगभग ढाई सौ युवाओं की मौजूदगी रहेगी.
उन्होंने बताया कि नशा मुक्त भारत का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए माई भारत की ओर से कार्यक्रमों की एक लंबी श्रृंखला तैयार की गई है. इसके तहत पहले जिला स्तरीय और उसके बाद राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा. राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन 14 अगस्त को आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह युवाओं के साथ संवाद करेंगे.





