Hindi News / रांची के तालाबों को मिलेगा नया जीवन, सरकारी जमीन पर बनेगा जनोपयोगी हरित...

JHARKHAND NEWS : रांची के तालाबों को मिलेगा नया जीवन, सरकारी जमीन पर बनेगा जनोपयोगी हरित क्षेत्र

Edited By:  |
jharkhand news

रांची में जलस्रोतों के संरक्षण, सरकारी भूमि के बेहतर उपयोग और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी पहल शुरू की है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बुधवार को निगम की टीम के साथ धुर्वा, जगन्नाथपुर और बांधगाड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया और विभिन्न तालाबों और सरकारी भूमि के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के तालाबों और सरकारी जमीन को केवल खाली स्थान के रूप में नहीं, बल्कि जल संरक्षण, हरियाली, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक उपयोग के महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में विकसित किया जाएगा।

धुर्वा में तालाब के चारों ओर बनेगा बेहतर सार्वजनिक क्षेत्र

वार्ड संख्या 38 स्थित धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आश्रयगृह, सामुदायिक शौचालय, तालाब और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने आश्रयगृह में सौंदर्याकरण, रंग-रोगन, आवश्यक सिविल कार्य एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया। आश्रय गृह के पीछे स्थित तालाब के जीर्णोद्धार के लिए उन्होंने बाउंड्री वॉल, पेवर ब्लॉक, वॉक-वे एवं अन्य सौंदर्याकरण कार्यों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि तालाब को बेहतर स्वरूप देने के साथ आसपास के क्षेत्र को नागरिकों के लिए उपयोगी एवं आकर्षक बनाना है।

जगन्नाथपुर में तालाबों के आसपास पार्क और नाइट मार्केट की संभावना

वार्ड संख्या 37 के न्यू कॉलोनी जगन्नाथपुर मंदिर के समीप स्थित दो तालाबों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को समग्र विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने तालाबों के आसपास लैंडस्केपिंग, प्लांटेशन, पार्किंग और नाइट मार्केट जैसी सुविधाओं की संभावनाओं का अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इससे जलस्रोतों के संरक्षण के साथ आसपास के क्षेत्र को नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित किया जा सकेगा।नगर आयुक्त ने तालाबों और आसपास की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए हटाने का भी निर्देश दिया।

बांधगाडी की 2.02 एकड सरकारी जमीन का होगा जनोपयोगी विकास

वार्ड संख्या 06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में नगर आयुक्त ने सामुदायिक भवन, वार्ड कार्यालय और नए तालाब निर्माण के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक भवन के सौंदर्याकरण एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया।के दौरान प्लॉट संख्या 537, खाता संख्या 169, रकबा 2.02 एकड़ सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने तथा भूमि के सुनियोजित एवं जनोपयोगी विकास की विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि के एक हिस्से में तालाब निर्माण, ग्रीन पैच विकसित करने तथा पूरे क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

तालाब और सरकारी भूमि शहर की संपत्ति इनका संरक्षण हमारी प्राथमिकता

नगर आयुक्त ने कहा कि रांची के जलस्रोतों एवं सरकारी भूमि का संरक्षण और उनका जनोपयोगी विकास नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। तालाबों का जीर्णोद्धार केवल जलस्रोतों के संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इनके आसपास हरित क्षेत्र, बेहतर नागरिक सुविधाएं और सौंदर्याकरण विकसित कर इन्हें शहर के उपयोगी सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि का अतिक्रमण रोकते हुए उसका सुनियोजित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपलब्ध संसाधनों का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों को मिल सके। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।